बिहार सरकार ने उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025- Bihar Industrial Investment Promotion Package (BIIPP 2025) लागू की है। इस पैकेज का लाभ लेने के लिए निवेशकों को 31 मार्च 2026 से पहले आवेदन करना होगा। इससे पहले सरकार ने बियाडा एमनेस्टी पॉलिसी 2025 जारी की थी।

BIIPP 2025 के तहत उद्योगों को मिलने वाली सुविधाएं :
100 करोड़ से अधिक के निवेश पर जमीन का आवंटन निःशुल्क : नए औद्योगिक पैकेज 2025 के तहत निवेश को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क जमीन आवंटित की जाएगी। 100 करोड़ से अधिक का निवेश करने वाली एवं 1000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने वाली औद्योगिक इकाइयों को 10 एकड़ तक जमीन निःशुल्क मिलेगी।
1000 करोड़ से अधिक का निवेश करने वाली औद्योगिक इकाइयों को 25 एकड़ तक जमीन निःशुल्क मिलेगी। फॉर्च्यून 500 कंपनियों को 10 एकड़ तक भूमि निःशुल्क आवंटित की जाएगी।

-- 40 करोड़ रुपये तक की ब्याज सब्सिडी मिलेगी।
-- नई यूनिट को स्वीकृत परियोजना लागत का 300 प्रतिशत तक शुद्ध एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति 14 वर्षों के लिए की जाएगी।
-- 30 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी मिलेगी।
-- निर्यात प्रोत्साहन की सीमा 14 वर्ष की अवधि के लिए 40 लाख रुपये प्रतिवर्ष होगी। इसके अतिरिक्त कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा उपयोग, स्टांप ड्यूटी एवं भूमि रूपांतरण शुल्क की प्रतिपूर्ति, निजी औद्योगिक पार्कों को सहयोग, पेटेंट पंजीकरण एवं गुणवत्ता प्रमाणन के लिए सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नए औद्योगिक पैकेज 2025 से 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने में सहायता मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले। बिहार के युवा दक्ष और आत्मनिर्भर बने। युवाओं को राज्य के अंदर अधिक से अधिक रोजगार मिल सके।